शायद ही आपने कभी सोचा हो कि हर समय आपके साथ रहने वाला मोबाइल ही आपकी जासूसी करेगा। अमेरिकी सैन्य विशेषज्ञों ने एक ऐसा एप्लीकेशन तैयार किया है जो जासूसी करने में भी कामयाब होगा। यह मोबाइल एप्लीकेशन प्लेस रेडर आपके एंड्रायड मोबाइल फोन के कैमरे को खुद-ब-खुद ऑन करके आपके घर की और आपकी तस्वीरें खुद खींचता रहेगा।
चौंकाने वाली बात यह है कि तस्वीरें खींचने का आपको पता भी नहीं चलेगा। इस सॉफ्टवेयर की ही मदद से हैकर आपकी निजी फोटो को फोन से हासिल भी कर सकते हैं। इंडियाना के क्रेन स्थित अमेरिकी नौसेना सरफेस वारफेयर सेंटर द्वारा तैयार किए गए इस सॉफ्टवेयर को बड़ी सफलता माना जा रहा है। इसको तैयार करने वाले वैज्ञानिकों ने जासूसी का नमूना पेश करते हुए दिखाया कि किस तरह आपका फोन आपके खिलाफ इस्तेमाल किया जा सकता है।
वैज्ञानिकों ने इस परीक्षण को एंड्रायड फोन वाले 20 साथियों को भेजकर किया। हैकर इस ऐप के जरिए आपके मोबाइल फोन को ही अपना हथियार बनाकर आपके निजी जानकारी हासिल कर सकते हैं।