मैनपुरी। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक ने बीएसए व खंड शिक्षाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विद्यालयों में निरीक्षण को प्रभावी बनाने के साथ ही शिक्षण कार्य को बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों की कॉपी चेक कर गल्तियां बताने को कहा। ताकि बच्चे सुधार कर सकें।
एडी बेसिक अवध किशोर सिंह ने नगर शैक्षिक संसाधन केंद्र पर बीएसए विजय प्रताप सिंह व खंड शिक्षाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हमें परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण कार्य को और बेहतर बनाना होगा। इसके लिए खंड शिक्षाधिकारियों को उन्होंने स्कूलों में निरीक्षण को दौरान गहनता से पठन-पाठन को देखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि विद्यालय में शिक्षकों द्वारा बच्चों की कॉपी चेक नहीं की जाती है।
अगर चेक की भी जाती है तो केवल खानापूरी कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक गहनता से कॉपी देखकर, उनमें बच्चों की गलतियों को बारे में बताएं। इसके अलावा एमडीएम की गुणवत्ता सुधारने व विद्यालयों में साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। बैठक में बीएसए विजय प्रताप सिंह, खंड शिक्षाधिकारी रामशंकर कुरील, सुमित कुमार सिंह, जेपी पाल, शैलेंद्र कुमार, धीरेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।