आगरा। थाना छत्ता के अंतर्गत मोतीगंज में एक किशोरी ने व्यापारी से 22 हजार रुपये छीन लिए। व्यापारी के शोर मचाने पर लड़की पकड़ी गई लेकिन इस बीच उसके साथी रुपयों से भरा बैग लेकर भागने में सफल रहे। घटना मंगलवार रात्रि करीब 10 बजे की बताई जाती है। एक व्यापारी अपने प्रतिष्ठान से घर जा रहा था। उसके हाथ में एक बैग था, जिसे वहीं की 13 साल की किशोरी ने व्यापारी से छीन लिया और भागने लगी। इधर, व्यापारी के हल्ला मचाने पर लोगों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले तीन साथी वहां आ धमके। पकड़ी गई लड़की रोने लगी। इधर मौका पाकर लड़के उस लड़की से बैग लेकर यमुना की ओर भागने में सफल रहे। पुलिस के मुताबिक बैग में 22 हजार रुपये बताए जाते हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।