कागारौल। गढ़ी कालिया में शहीद सैनिक के परिवार की भूख हड़ताल तीसरे दिन खत्म करा दी गई। एडीएम समेत अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद की पत्नी को जूस पिलाया। साथ ही शहीद के अंत्येष्टि स्थल पर शहीद स्मारक बनवाने की घोषणा की।
कागारौल के गढ़ी कालिया गांव में गुरुवार को पहुंचे एडीएम प्रशासन जगदीश, एसडीएम केहरी सिंह, एमएलसी रामसकल गुर्जर, किसान सेना प्रमुख राजकुमार चाहर आदि ने शहीद सैनिक हरपाल सिंह के परिवारीजनों से मुलाकात की। एडीएम और एमएलसी ने शहीद की पत्नी रीना को जूस पिलाकर भूख हड़ताल खत्म कराई। एडीएम ने घोषणा की कि शहीद के परिवार की मांग के मुताबिक अंत्येष्टि स्थल पर ही शहीद स्मारक बनवाया जाएगा। 26 जनवरी को झंडा रोहण होगा। परिवार के अन्य सदस्यों को भी जूस पिलाया गया। सपा नेता डा. राजेंद्र सिंह ने कहा कि गहर्रा प्याऊ से दिगरौता मार्ग जल्द बनाया जाएगा। किसान सेना प्रमुख राजकुमार चाहर ने कहा कि संबंधित लेखपाल ने उक्त भूमि को खसरा में फसल होना दर्शाया है। जबकि यह भूमि लंबे समय से बंजर है। एडीएम ने उन्हें जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उत्तर प्रदेश महिला जाट सभा की मंडल अध्यक्ष रानी चाहर, जिला पंचायत सदस्य बालक राम धारिया, ब्लाक प्रमुख पति सुखवीर सोलंकी, धर्मवीर सरपंच, ग्राम प्रधान रौतान सिंह आदि थे।
इनसेट बाक्स...
पोलियोरोधी खुराक पिलाने से इनकार
कागारौल। गढ़ी कालिया में पोलियारोधी खुराक पिलाने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्रामीणों ने बैरंग लौटा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक शहीद के परिवार के साथ न्याय नहीं होगा, वह अपने बच्चों को खुराक नहीं पिलवाएंगे। उन्होंने कसबे तथा आसपास के स्कूलों को बंद करवाया। इसके बाद स्कूली बच्चे भी धरनास्थल पर पहुंच गए।