आगरा। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन को लेकर चल रहे विवाद में एसोसिएशन ने बार काउंसिल के निर्णय पर स्टे मिलने पर जश्न मनाया। बार एसोसिएशन हाल में एसोसिएशन ने बैठक कर चुनाव की रणनीति पर चर्चा की और जल्द चुनाव कराने का ऐलान किया। हालांकि चुनाव अधिकारी ने अभी हाईकोर्ट के फैसले के प्रति न मिलने की बात कही है।
बताते चलें कि एसोसिएशन के चुनाव के दौरान सदस्यता के विवाद पर बार काउंसिल ने चुनाव पर रोक लगा दी थी। इसके बाद एसोसिएशन ने हाइकोर्ट का रुख किया था। इसके बाद अध्यक्ष बलवंत सिंह ने आगरा आकर जायजा लिया था और नई व्यवस्था के तहत हाईकोर्ट के आदेश के प्रतिबंध में चुनाव के लिए आदेश दिए थे। वहीं एसोसिएशन ने हाइकोर्ट का निर्णय मानने की बात कही थी। 12 फरवरी को सुनवाई में 19 फरवरी को अगली सुनवाई तिथि रखी गई। इसी दौरान बार काउंसिल ने एल्डर कमेटी के अध्यक्ष को स्वास्थ्य कारणों से पद से हटा दिया था।
मंगलवार को हाईकोर्ट में फिर सुनवाई थी। कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के निवर्तमान महासचिव और अध्यक्ष पद प्रत्याशी बिजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हाईकोर्ट ने बार काउंसिल के आदेश पर रोक लगा दी है और पुरानी एल्डर कमेटी को बहाल कर दिया है। अब जल्द ही चुनाव कराए जाएंगे। आदेश की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को एसोसिएशन के इस गुट ने जश्न भी मनाया और एक दूसरे को बधाई दी। वहीं चुनाव अधिकारी बलवीर सिंह का कहना है कि आदेश के बारे में सुना है लेकिन अभी फैसले की प्रति नहीं मिली है। फैसला मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।