आगरा। प्रदेश में कई अधिवक्ताओं की हत्या और इन मामलों में पुलिस की लचर कार्रवाई को लेकर प्रदेशभर के अधिवक्ता बार कौंसिल के आह्वान पर शुक्रवार को विरोध दिवस मनाएंगे। इसके चलते समस्त अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे।
इस संबंध में बार कौंसिल के अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ल ने सभी बार अध्यक्षों को पत्र भेजकर अवगत कराया था कि आगरा में केदार सिंह, कानपुर में प्रशांत द्विवेदी, सीतापुर में यतेंद्र सिंह व अजीत सिंह, गाजियाबाद में अफजाल अहमद समेत कई अधिवक्ताओं की हत्याएं हुई हैं। पुलिस प्रशासन ने मृतक अधिवक्ताओं के परिवारीजनों को कोई राहत राशि भी नहीं दी। हत्या के मामलों को गंभीरता से भी नहीं लिया गया। कौंसिल ने अधिवक्ताओं के हत्यारोपियों पर रासुका लगाने और 25-25 लाख का मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इसी को लेकर शुक्रवार को समस्त अधिवक्ता हड़ताल पर रहेंगे।