बाह। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बाह में रसोइया के बीच चला रहा टकराव तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले की जानकारी होने पर खंड शिक्षा अधिकारी जांच को पहुंचे तो यहां मौजूद अभिभावकों ने घटिया खाने की शिकायत की। खंड शिक्षा अधिकारी ने सुधार न लाने पर दोनों रसोइया को हटाने, वार्डन तथा एकाउंटेंट को समय पर गैस उपलब्ध कराने की चेतावनी दी है।
बाह के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पिछले सत्र में रसोइया मंजूदेवी और अंगूरीदेवी में मारपीट हो गई थी। तब से दोनों के बीच टकराव चल रहा है। आरोप है कि उनके चक्कर में बच्चों को समय से भोजन नहीं मिल पाता। इसकी जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी संजय सिंह को हुई तो मंगलवार को वे मौके पर पहुंचे। लकड़ियों पर खाना बनता देख उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। इसी दौरान पहुंचे अभिभावकों ने घटिया खाना दिए जाने की शिकायत की। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने दोनों रसोइया को हटाने की चेतावनी दी। वार्डन नीतू गुप्ता और एकाउंटेंट नितिन जैन को समय पर गैस उपलब्ध कराने को कहा गया। भोजन की गुणवत्ता भी बरकरार रखने की हिदायत भी दी। उन्होंने अनाज को घुन आदि लगने से बचाने के तरीके भी सुझाए। कहा कि जैसे घरों में गेहूं में नीम के पत्ते रखकर कीड़ों से बचाया जाता है, वैसे ही मिड-डे मील में आने वाले अनाज में भी नीम के पत्ते रखें। इससे वह सुरक्षित रहेगा।
इनसेट बाक्स...
नियम विरुद्ध स्थानांतरण का आरोप
फतेहपुर सीकरी। गांव कौरई स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का तबादला होने के बाद वह रात भर गेट पर बैठी रोती रही। उसने अपने स्थानांतरण को नियम विरुद्ध बताया है। सीमा पत्नी उमेश चंद निवासी मिर्जापुर, मैनपुरी का ट्रांसफर 2008 में जगनेर से यहां किया गया था। पीड़ित सीमा के मुताबिक इससे पूर्व उसे स्थानांतरण की सूचना नहीं दी गई और रात में ही उनका तबादला कर दिया गया।