एत्मादपुर। अपर आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शुक्रवार को तहसील का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों ने चकबंदी और गैस नहीं मिलने के प्रार्थना पत्र दिए। उन्होंने समस्या के समाधान की मांग की। अपर आयुक्त ने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत पीड़ितों को चेक भी बांटे।
शुक्रवार दोपहर तकरीबन 11:30 बजे अपर आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तहसील पहुंचने पर हड़कंप मच गया। उन्होंने तहसील परिसर स्थित कार्यालय में प्रमाण पत्र, आवंटन लक्ष्य, बकाएदारों, तहसील दिवस, वसूली रजिस्टर चेक किए। इस दौरान उन्होंने एसडीएम को तहसील परिसर में पौध रोपण के निर्देश दिए। उधर, अपर आयुक्त के तहसील पहुंचने की जानकारी पर ग्रामीण पहुंच गए। उन्होंने घरेलू गैस की समस्या के बारे में बताया। पूर्व सभासद विमल पंडित के नेतृत्व में लोगों ने ज्ञापन सौंपते हुए एत्मादपुर में गैस उपलब्ध की समस्या के समाधान की मांग की। इस पर अपर आयुक्त ने एसडीएम को फटकार लगाते हुए एचपी कंपनी के अधिकारियों से तत्काल गैस मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस दौरान किसान नेता कृष्ण कांत त्यागी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने भीकनपुर गांव में चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिए। अपर आयुक्त ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिलना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत 50 हजार तथा 10 हजार के चेक बांटे। उनके साथ एसडीएम जेपी सिंह, तहसीलदार चंद्रबाबू, नायब तहसीदार, प्रबर्धन शर्मा आदि मौजूद रहे।