आगरा। नेशनल चैंबर आफ इंडस्ट्रीज एंड कामर्स ने नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की मांग की है। यह मांग जिलाधिकारी जुहेर बिन सगीर की अध्यक्षता में बुधवार को हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक में की गई।
बैठक में चैंबर ने रामलीला मैदान में उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए स्थान उपलब्ध कराने, औद्योगिक क्षेत्र की भूमि को फ्री होल्ड करने तथा जीवनी मंडी मार्ग को दुरुस्त करने की मांग रखी। उद्यमियों ने सड़क, बिजली, पानी तथा अन्य आधारभूत समस्याएं रखीं। डीएम ने औद्योगिक क्षेत्र फाउंड्री नगर की सड़कों की स्थिति सुधारने, बोदला-बिचपुरी मार्ग पर स्थापित औद्योगिक इकाइयों में अधिक बिजली कटौती न करने, बोदला-बिचपुरी रोड पर सदरबंद नाले की सफाई, औद्योगिक आस्थान नुनिहाई की सड़कों, पुलियों, नालियों व सीवर की स्थिति सुधारने की हिदायत दी। कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण निर्धारित समय में कराना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सीपी सिंह, राजकुमार, उद्यमी बीएस गोयल, भरत सिंह, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक वीरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
उधर, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति राजकुमार की अध्यक्षता में हुई जिला वाणिज्य बंधु की बैठक में उन्होंने कहा कि मंडी समिति द्वारा किसी भी अवैध बैरियर को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। सचल दल में चेकिंग के लिए वाटर मैन को शामिल नहीं किया जाएगा। एडीएम ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों को भरपूर सुरक्षा दी जाएगी। किसी भी कीमत पर उनका उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर संतशरण बरुआ, अशोक अरोरा, भरत सिंह आदि ने व्यापारियों को परिचय पत्र जारी करने, अछनेरा में ठेलों के अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।