आगरा। हिंदी के देसीपन और उर्दू की मिठास से मिलकर बनी काव्यधारा आज आगरा कालेज के मैदान में प्रवाहित होगी। अमर उजाला के ‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत शनिवार की शाम आगरा कॉलेज ग्राउंड पर कवि सम्मेल्लन और मुशायरा बाकी निशां... का आयोजन होगा। इसमें देश के नामचीन शायर और कवि अपनी रचनाओं से देशभक्ति की अलख जगाएंगे।
ईद के मुबारक मौके पर आगरा अदबी मिलन का गवाह बनेगा। एक तरफ दिल को छू लेने वाली शायरी होगी तो दूसरी तरफ देश की माटी से पैदा हुई रचनाएं। इस शाम को खुशनुमा बनाने के लिए मशहूर शायरा अंजुम रहबर का दिलकश तरन्नुम होगा तो ठहाकों के बाजीगर अरुण जेमिनी के हरियाणवी बोल। मुशायरे की निजामत से दुनिया में पहचान बनाने वाले शायर अनवर जलालपुरी को लोग दिल खोलकर सुन सकेंगे। हिंदी के प्रख्यात गीतकार डॉ. कुंवर बेचैन के गीत गूंजेंगे और चित्तौड़ के रमेश शर्मा की रचना फजां में सोंधापन घोलेगी। झारखंड के लाजपत राय विकट और बाराबंकी के रामकिशोर तिवारी की ओजपूर्ण रचनाएं देशभक्ति का रंग गाढ़ा करेंगी तो बुनियादी सवालों के बेबाक शायर नवाज देवबंदी के कलाम महफिल में चार चांद लगाएंगे। इतना ही नहीं सर्वेश अस्थाना हास्य व्यंग का जखीरा लेकर उतरेंगे तो कवियत्री कीर्ति काले के अलग अंदाज और मुमताज नसीम की रेशमी शायरी पर दिल थामकर बैठना होगा।
देशभक्ति से ओतप्रोत इस शानदार शाम में वरिष्ठ कवि प्रताप दीक्षित का अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक हास्य-व्यंग्य के रचनाकार पवन आगरी होंगे। आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए कुछ आरक्षित सीटों को छोड़कर पास की आवश्यकता नहीं होगी। गीत गजल का लुत्फ कोई भी उठा सकता है।
वाटर प्रूफ है पूरी तैयारी
शुक्रवार दिन भर होती बारिश के बाद भी आगरा कॉलेज ग्राउंड में काम अपनी गति से चलता रहा। शानदार मंच, वाटर फूफ टेंट, कुर्सियां और बल्लियां लगाकर बेरीकेडिंग की गई। ईद और हरियाली तीज त्योहार के 33 साल बाद एक साथ एक ही दिन पड़ने का जश्न मनाने के लिए आगरा कॉलेज ग्राउंड पूरी तरह से तैयार कर दिया गया। ऐसे में त्योहारों के साथ चार दिन की छुट्टियों का मजा लेने के लिए शहर के लोगों में भरपूर उत्सुकता दिखी। एमजी रोड से गुजरने वाले शौकीनों ने रुक कर कार्यक्रम की तैयारियों पर एक नजर जरूर डाली।