बाह। आगरा में हाईकोर्ट खंडपीठ की स्थापना और बाह मेें मुंसिफ कोर्ट की मांग को लेकर बाह के वकीलों ने गुरुवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। वकीलों ने ऐलान किया कि वे 24 अगस्त तक न्यायिक कार्य से विरत रहकर धरना प्रदर्शन करेंगे। उधर, किरावली तहसील में अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। नगर पंचायत किरावली ने वकीलों को समर्थन दे दिया है।
बाह तहसील में प्रदर्शन करते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि बाह में मुंसिफ कोर्ट नहीं होने के चलते वादकारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाईकोर्ट की सिद्धांत सहमति और जमीन उपलब्धता के प्रस्ताव के बाद भी अब तक इस पर अमल शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वे 24 तारीख तक न्यायिक कार्य से विरत रहकर धरना प्रदर्शन करेंगे। विरोध जताने वालों में हरिओम पांडेय, अवधनरायन शर्मा, राजकुमार सिंह, जमीर हुसैन, शरद शर्मा, अनिल प्रकाश शर्मा, आनंद पचौरी, राज किशोर गुर्जर, उमा शंकर उपाध्याय, दीपेश भदौरिया आदि शामिल थे।
किरावली तहसील में भी खंडपीठ की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। राजेंद्र सिंह इंदौलिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से वे खंडपीठ की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार इस पर सहमत नहीं दिखती। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह इंदौलिया ने वकीलों को समर्थन दे दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम रेखा एस चौहान को सौंपा। इस मौके पर जगदीश प्रसाद मित्तल, अध्यक्ष रनवीर सिंह, प्रमोद शर्मा, अनूप इंदौलिया, मोहन लाल शर्मा, गिरीश उपाध्याय, ताराचंद इंदौलिया, मोहन सिंह वर्मा, जगन अग्रवाल, आदि अधिवक्ता मौजूद थे।