आगरा। बालूगंज की नई बस्ती में युवती की मौत पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिवारीजनों ने पड़ोसी युवक पर हत्या का शक जताते हुए थाना रकाबगंज में हंगामा किया। डीएम आवास पर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। इंस्पेक्टर ने मामले की जांच की बात कही है।
नई बस्ती, बालूगंज निवासी प्रीति (19) पुत्री स्व. सत्यदेव की लाश शनिवार को कमरे में फांसी पर लटकी मिली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, रविवार को बस्ती के लोगों के साथ थाने पहुंचे परिवारीजनों ने युवती की हत्या का अंदेशा जताया। उनका आरोप था कि पड़ोसी युवक छह माह से उसे तंग कर रहा था। शाम को युवती घर पर अकेली थी। इसके बाद मां घर लौटी तो वह फंदे पर झूलती मिली। उधर, जिस युवक पर आरोप लगाया जा रहा है, वह फरार हो गया है। परिवारीजनों का आरोप है कि प्रीति के पैर से खून निकल रहा था। फर्श पर भी खून पड़ा हुआ था। इंस्पेक्टर रकाबगंज का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। हत्या की बात गलत है।