आगरा। पुलिस ने एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में करीब दो माह पहले फ्रिज और एसी लदे कंटेनर लूट के खुलासे का दावा किया है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की एक बाइक बरामद की है। आरोपियों ने बताया कि गैंग ने एत्माद्दौला क्षेत्र से कंटेनर लूटने के बाद माल बेच दिया। कंटेनर को टूंडला में छोड़कर भाग गए थे।
सीओ छत्ता करुणाकर राव ने बताया कि टेढ़ी बगिया तिराहे पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक पर आ रहे इगलास अलीगढ़ निवासी राजू उर्फ नारायण और कुरावली, मैनपुरी निवासी प्रदीप सिंह को रोका। दोनों के पास से दो तमंचे बरामद होने के बाद पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि बाइक को उन्होंने एक्सप्रेस वे से लूटा था। उन्होंने बताया कि 14 जून 2013 की रात को उन्होंने अपने साथी इगलास, अलीगढ़ निवासी अकील, डिबाई के रवि उर्फ पुजारी के साथ मिलकर टेढ़ी बगिया तिराहे से पहले आयशर कंटेनर लूटा था। कंटेनर के चालक, परिचालक को हाईवे पर नादऊं के पास बांधकर खेत में डाल गए थे। अकील और रवि पुजारी ने कंटेनर में लदे एसी, फ्रिज समेत अन्य सामान को बेच दिया। इसके बाद कंटेनर को टूंडला में छोड़कर भाग निकले थे। लूट के माल से उन्हें 40-40 हजार रुपये मिले थे। उन्होंने बताया कि अकील और पुजारी दोनों ही बुलंदशहर की जेल में किसी अन्य मामले में बंद हैं। सीओ ने बताया कि उसके पास से पांच हजार नगद और बाइक बरामद की गई है।