आगरा। खंदौली के मई चौराहे पर गुरुवार की शाम चेकिंग के दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच लोगों को पुलिस ने रोका तो एक बदमाश ने एसओ पर फायर कर दिया। पुलिस ने एक को दबोच लिया, जबकि चार बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाश से दो देसी रिवाल्वर और एक तमंचा बरामद किया गया है।
एसपीआरए बबीता साहू ने बताया कि खंदौली थाने के प्रभारी कृपालशंकर टीम के साथ मई चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। तभी दो बाइक से आए पांच युवकों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस पर बाइक पर बैठे एक युवक ने एसओ पर फायर कर दिया, वह बाल-बाल बच गए। पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया, जबकि चार साथी बाइक छोड़कर भाग निकले। पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम शोभानगर, एत्माद्दौला निवासी लोकेंद्र चौहान बताया है। वह मूलरूप से निधौलीकलां का रहने वाला है। उसने फरार साथियों के नाम टीटू उर्फ जगदीश निवासी शोभा नगर, बरहन निवासी सत्ते चौहान, निधौलीकलां एटा निवासी अभिषेक जादौन, खंदौली निवासी विक्रम सिंह बताया। सीओ एत्मादपुर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पूरा गैंग शोभानगर में डेरा डाले हुए था। लोकेंद्र पर अपहरण, लूट समेत एक दर्जन मुकदमे हैं। फरार विक्रम पर भी कई मुकदमे हैं। बरामद दोनों बाइक भी लूट की हैं।
लुटने से बचा आगरा का सर्राफ
सीओ एत्मादपुर ने बताया कि गैंग कई दिन से आगरा के एक चांदी कारोबारी की रेकी कर रहा था। व्यवसायी नालबंद होते हुए विजय नगर होकर गुजरता है। लूट को अंजाम देने की योजना बन चुकी थी। रेकी टीटू ने की थी। लेकिन जेब खाली होने के कारण गुरुवार को खंदौली में लूटपाट करने निकले थे।