खंदौली। कसबे के गांव सैमरा में कब्रिस्तान की भूमि पर शव दफनाने को लेकर सांप्रदायिक तनाव के हालात पैदा हो गए। दोनों ही पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। नोकझोंक और तनातनी के बाद संघर्ष की नौबत आ गई। सूचना पर सीओ एत्मादपुर फोर्स के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। तनाव के मद्देनजर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
सैमरा गांव में गुरुवार को अशोक कुमार की नवजात बच्ची की मृत्यु हो गई। परिवारीजन शव को दफनाने के लिए नजदीक की जमीन पर पहुंचे। इसकी भनक दूसरे समुदाय के लोगों को हुई तो उन्होंने कब्रिस्तान की भूमि बताते हुए शव दफनाने का विरोध किया। कुछ ही देर में दूसरे समुदाय के सैकड़ों लोग इकट्ठे हो गए। उधर, अशोक कुमार की ओर से उसके समाज के लोगों का जमघट लग गया। दोनों ही पक्षों में तनातनी और नोकझोंक होने लगी। एक पक्ष के लोगों का कहना था कि कब्रिस्तान की जमीन है। इस तरह से कब्जा हो जाएगा, जबकि मृतक बच्ची के परिवारीजनों का कहना था कि बच्ची को दफनाने वाली जमीन सार्वजनिक है। तनाव की सूचना पर सीओ एत्मादपुर अवनीश कुमार पुलिस फोर्स और पीएसी के साथ पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। इसके बाद बच्ची को दफनाया गया। सीओ एत्मादपुर का कहना था कि जमीन की पैमाइश कराई जाएगी। इस घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण हालात हैं। इसे देखते हुए पीएसी तैनात कर दी गई है।