आगरा। खंदारी बाईपास चौराहा एक बार फिर नासूर बनता जा रहा है। सुबह से ही यहां जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया, जोकि देर शाम तक चलता रहा। दोपहर को स्कूली वाहन से लेकर एंबुलेंस तक जाम में घंटों फंसे रहे। सर्विस रोड पर भी वाहन फंस गए। जाम का असर सुल्तानगंज की पुलिया और वाटर वर्क्स चौराहे पर भी देखा गया।
हाईवे पर खंदारी बाईपास चौराहा एक बार फिर ट्रैफिक जाम का प्वाइंट बन गया है। सोमवार को खंदारी चौराहे पर सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया था। दोपहर तकरीबन 12 बजे हालात बिगड़ गए। खंदारी चौराहे पर वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया। भगवान टाकीज और टीपी नगर की ओर से आने वाले वाहन जाम में फंस गए। जब लोगों ने सर्विस रोड पर वाहन निकालने शुरू किए तो जाम लग गया। कुछ ही देर में हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड और सेठ पद्मचंद कालेज रोड की तरफ भी सैकड़ों वाहन रुक गए। तकरीबन तीन बजे तक चौराहे पर यही स्थिति रही। खंदारी ही नहीं एमजी रोड पर भी लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ा। सेंट जोंस और हरीपर्वत पर भी यातायात व्यवस्था बिगड़ी। उधर, सुल्तान गंज की पुलिया, वाटर वर्क्स पर भी दोपहर में जाम लग गया। देर शाम तक खंदारी चौराहे पर फिर जाम के हालात पैदा हो गए।
अतिक्रमण बना है समस्या
एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शहर में अतिक्रमण की समस्या जाम के लिए जिम्मेदार है। चौराहों पर लगातार दुकानें सजाई जा रही हैं। ठेल-ढकेल, खोखा और आटो जाम की बड़ी वजह बनते हैं।
भगवान टाकीज पर नहीं हो सका वन वे
बता दें कि पिछले दिनों पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने भगवान टाकीज चौराहे का निरीक्षण किया था। चौराहे से खंदारी और खंदारी से चौराहे पर आने वाले भारी वाहनों के वन-वे व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही दिल्ली की ओर जाने वाली बसों का स्टापेज भी चौराहे से कुछ दूरी पर करने की बात कही थी। मगर, इस व्यवस्था का असर एक भी दिन नहीं दिख सका है। कुछ दिन पुलिस कर्मी भी वन वे का पालन कराने के लिए खड़े किए गए, लेकिन उससे भी कोई फायदा होता नहीं दिखा।