आगरा। मौसम की नरमी ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई वहीं लोड कम होने के कारण बिजली ने भी परेशानी पैदा नहीं की। सोमवार को विभिन्न इलाकों में एक से दो घंटे की ही कटौती हुई। हालांकि शाम के समय आंधी चलने और बारिश आने के बाद फाल्ट की सूचनाएं जरूर मिलीं। इससे सिकंदरा फीडर से बिजली कट गई, जिसे सुधारने में टोरंट की टीम देर रात तक लगी रही।
इन सब के बीच सोमवार को फुलट्टी बाजार में करंट से गाय की मौत हो जाने और माईथान में टोरंट टीम को बंधक बनाने वालों के बीच भी वार्ता चली। टोरंट की ओर से गाय के मालिक को मुआवजा दिया गया। वहीं माईथान से मिली शिकायतों का भी निपटारा कर दिया गया।
टोरंट प्रवक्ता भूपेंद्र सिंह ने कहा कि औरैया की लाइन ठीक होने और मौसम के मिजाज में नरमी के बाद आगरा को ट्रांसमिशन की ओर से पूरी सप्लाई दी गई। शाम को मौसम खराब होने के बाद एक-दो सूचनाएं मिली हैं, जिन्हें दिखवाया गया है।