आगरा। रावली पुल पर चल रहा निर्माण कार्य स्कूली बच्चों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है। एक तरफ का रोड बंद होने से कलेक्ट्रेट पर लंबा जाम लगने लगा है। एक तरफ का ट्रैफिक जब गुजर जाता है, तब दूसरी तरफ का ट्रैफिक पास किया जाता है। ऐसे में कलेक्ट्रेट चौराहा क्रॉस करके आने-जाने वाले स्कूल के बच्चों के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है।
26 जून तक शहर के अधिकांश सीबीएसई स्कूल खुल जाएंगे। वहीं, यूपी बोर्ड और आईएससी के स्कूल तीन जुलाई तक खुल जाएंगे। जबकि रावली पुल का निर्माण कार्य सात अगस्त तक चलना है। बता दें कि रावली पुल पार करके साईं की तकिया की तरफ दर्जनभर से अधिक बड़े स्कूल हैं। इन स्कूलों में कलेक्ट्रेट की तरफ से जाने वाले बच्चों की भी संख्या अच्छी खासी है। यही स्थिति कलेक्ट्रेट के इस तरफ यानी नालबंद की ओर जाने वालों की है। हरीपर्वत क्षेत्र में कई बड़े स्कूल हैं, इनमें भी रावली पुल पार क्षेत्र के हजारों बच्चे पढ़ते हैं। ऐसे में यह बच्चे जाम में फंस सकते हैं।
प्रतापपुरा क्षेत्र अंतर्गत स्कूल
सेंट एंथोनी
सेंट जोर्जेज
सेंट क्लीयर्स
हॉलमैन
जॉन मिल्टन
सेंट मेरी
केंद्रीय विद्यालय
हरीपर्वत क्षेत्र में स्थित स्कूल
सेंट पीटर्स
सेंट पैट्रिक
सेंट पॉल्स
एमडी जैन
सेंट फ्रांसिस
यह हो सकता है विकल्प
. साईं की तकिया की तरफ जाने के लिए बच्चे रुई की मंडी चौराहा होते हुए रेलवे क्रॉसिंग से नामनेर चौराहा होते हुए साईं की तकिया चौराहा पर पहुंच सकते हैं। ऐसे ही उस तरफ से आने वाले बच्चे भी इस तरफ आ सकते हैं।
. वहीं, छीपीटोला की तरफ से आने वाले बच्चे बिजलीघर चौराहा, मंटोला से धाकरान चौराहा आ सकते हैं। हालांकि यह इन रास्तों की दूरी थोड़ी अधिक है लेकिन जाम से बचने के लिए इन रास्तों का प्रयोग किया जा सकता है।
. शहीद नगर, ताजगंज, राजपुर चुंगी की तरफ से आने वाले बच्चे आगरा किला, हाथी घाट होते हुए अपने स्कूल पहुंच सकते हैं।