आगरा। बिचपुरी रोड स्थित विजया इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा पांच के छात्र को प्रिंसिपल ने चाबुक से जमकर पीटा। आरोप है कि शिकायत करने पहुंचे अभिभावकों को न सिर्फ खरीखोटी सुनाई, बल्कि बच्चे को स्कूल से निकालने की धमकी देकर बाहर का रास्ता दिखा दिया। प्रिंसिपल की हरकत से खिन्न माता-पिता ने थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कराया है।
बोदला निवासी व्यवसायी सुनील तोमर का 11 वर्षीय बेटा अभिषेक कक्षा पांच का छात्र है। सुनील ने बताया कि मंगलवार को छुट्टी के बाद बेटा स्कूल वैन में बैैठा था। चालक राजकुमार ने उससे गुटखा लाने को कहा। अभिषेक ने मना कर दिया। इस पर वैनचालक ने बुधवार को प्रिंसिपल ग्रेशियस टीजे से शिकायत कर दी। कहा कि अभिषेक शरारत करता है। सुनील ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल ने अभिषेक को बुलाकर चाबुक से पीटना शुरू कर दिया। वह रोता हुआ घर पहुंचा। गुरुवार को परिवारीजन प्रिंसिपल से शिकायत करने पहुंचे। मगर, प्रिंसिपल ने अभद्र व्यवहार कर माता-पिता को स्कूल से बाहर निकलवा दिया। व्यवसायी ने थाना जगदीशपुरा में मुकदमा दर्ज कराया है।
‘छात्र का व्यवहार ठीक नहीं’
स्कूल के पीआरओ आमिर ने प्रिंसिपल के लिखे पत्र के माध्यम से बताया कि अभिषेक का व्यवहार ठीक नहीं है। ड्राइवर राजकुमार अभिषेक को घर लेने पहुंचा तो उसके साथ मारपीटकर वैन की चाबी छीन ली। काफी देर बाद चाबी लौटाई। इस पर अभिभावकों को स्कूल बुलाया था। यहां बच्चे ने परिवारीजनों को बताया कि प्रिंसिपल ने मारा है। अभिभावकों ने अभद्रता की। अभिषेक के बारे में अन्य बच्चों ने भी लिखित शिकायत की है। स्कूल की गलती नहीं पाई गई है।
घर पर नहीं बताने के लिए डराया
अभिषेक घर पर गुमसुम था। रात को पिता घर पहुंचे तो वह दर्द से कराह रहा था। पूछने पर भी काफी देर बाद पिटाई की जानकारी दी। उसे घर पर नहीं बताने के लिए डरा दिया था।
स्कूल में पिटाई की तीसरी घटना
स्कूल में बच्चे की बेरहमी से पिटाई का यह तीसरा मामला है। पूर्व में ताजगंज के स्कूल में एक बच्चे को टीचर ने धूप में दो घंटे तक खड़ा रखा था। वहीं न्यू आगरा में भी स्कूल में संचालक ने ढाई साल के छात्र को थप्पड़ मारा था।