सीकरी में महिला की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ग्राम मंडी मिर्जा खां के मजरा नगला बंजारा में शनिवार सुबह एक महिला की उसके ही घर में घुसकर पांच लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के पीछे का कारण एक माह पूर्व मृतका के पुत्र द्वारा हत्यारोपी की बहन को ले जाने का शक बताया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद अभियोग दर्ज कर लिया है। ग्राम में तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
घटना सुबह लगभग ग्राम साढे़ दस बजे की है। गांव के जोर सिंह नायक की पत्नी लौंगश्री देवी (55) अपने घर में कामकाज कर रही थीं। आरोप है कि तभी गांव के ही भूदेव पुत्र शिवदयाल, गुलाब सिंह पुत्र मोहन सिंह, मानिक पुत्र शिव सिंह, विजय पुत्र तेजा सिंह, पवन पुत्र दुर्ग सिंह पहुंच गए। उन्होंने लौंगश्री देवी पर फायर झोंक दिए। दो गोली उनकी गर्दन और एक उसके पास लगी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिवारीजन मौके पर पहुंचे तो हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। वारदात की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रविकांत पाराशर, उपनिरीक्षक प्रशांत त्यागी, किशन स्वरूप शर्मा पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने शव पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया। मृतका के पुत्र पूना ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का अभियोग दर्ज कराया है। मौके पर तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
--------
मृतका के पुत्र पर था किशोरी को ले जाने का शक
फतेहपुर सीकरी। 23 जनवरी को गांव के ही शिवदयाल की पुत्री (17) को अज्ञात युवक फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। इसका परिवारीजनों ने सीकरी थाने में मामला पंजीकृत कराया था। बाद में किशोरी 24 जनवरी की शाम कौरई टोल प्लाजा के पास बदहवास हालत में मिल गई थी। इस मामले में किशोरी के परिवारीजन मृतका के पुत्र सुशील पर शक जता रहे थे। इसी के चलते शनिवार को किशोरी के भाई ने लौंगश्री देवी की हत्या कर दी।
-----------
पेड़ से लटका मिला छात्र का शव
पिनाहट। गांव मंसुखपुरा में सरसों की फसल काटने गए छात्र का शव खेत के पास खडे़ नीम के पेड़ पर लटका मिला। गांव के रामकेश का पुत्र अमरीश (11) कक्षा छह का छात्र था। वह शनिवार को अपने छोटे भाई सौरभ (9) के साथ खेत पर गया था। अमरीश सौरभ से पानी पीने जाने की कहकर चला गया। इसके बाद वह लौटकर नहीं गया। सौरभ ने उसे देखा तो अमरीश का शव नीम के पेड़ पर चुन्नी से बने फंदे से लटका हुआ था। सौरभ ने इसकी जानकारी घर जाकर दी। कुछ ही देर में परिवारीजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। उन्होंने अमरीश के शव को नीचे उतारा। परिवारीजनों ने किसी से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। वहीं, घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।