जाट और किसान विरोधी है केंद्र सरकार: पुष्पेंद्र चौधरी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चाहरवाटी स्थित शीतल कुंड मंदिर परिसर में रविवार को जाट महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार जाट और किसान विरोधी है। उन्होंने समाज के लोगों से विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन नहीं करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र चौधरी ने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिश को लागू करने और जाटों को आरक्षण दिलाने के लिए कांग्रेस ने जाटों को बाहर कर दिया। जिन प्रदेशों में जाटों को आरक्षण मिला वहां विरोधियों ने साजिश रचकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर आरक्षण खारिज करा दिया। केंद्र की सरकार ने जो वादा किया उसे पूरा नहीं किया। हरियाणा से आये पूर्व कमिश्नर जागमल सिंह चहल ने कहा कि जाटों की एकता देखनी है तो हरियाणा में देखें और उनसे सीख लें। तालेवर सिंह ने कहा कि तुम अधूरे नहीं तुम अभागे नहीं, फर्क इतना है यारों कि तुम जागें नहीं। महेंद्र सोलंकी ने अपनी कविता के माध्यम से आरक्षण पर प्रकाश डाला। सुरेंद्र रावत ने कहा कि नई पीढ़ी को बुजुर्गों से सीख लेनी चाहिए। हरियाणा से आये भूपेंद्र सिंह ने कहा कि महापुरुषों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान ब्लाक प्रमुख अकोला औकार सिंह और मानसिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। महापंचायत की अध्यक्षता मेवाराम चिरमोली और संचालन लखपति सिंह चाहर व बच्चू सिंह चाहर ने किया। इस मौके पर केशव सिंह चाहर, रालोद जिलाध्यक्ष ब्रजेश चाहर, चौधरी महावीर सिंह, ओपी वर्मा, चौधरी नेमसिंह, लाला प्रधान, श्याम सिंह चाहर, राकेश चौधरी, राजेश चौधरी, प्रेमसिंह आदि मौजूद रहे।
-------
पुलिस प्रशासन ने कराई वीडियोग्राफी
किरावली। महापंचायत के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्राधिकारी रविकांत पाराशर नजर रखे हुए थे। पूरी पंचायत की वीडियोग्राफी कराई गई।