यमुनापार में जलसंकट गहराता जा रहा है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में पानी न मिलने से लोगों का धैर्य जवाब देता जा रहा है। गुस्साए लोगों ने सोमवार को जलकल महाप्रबंधक का घेराव किया। वाटर वर्क्स का पानी तो लोगों को पहले से ही नहीं मिल रहा है, क्षेत्र में खराब पड़े हैडपंपों की वजह से स्थिति और विकराल होती जा रही है।
सोमवार को भाजपा जिला मंत्री रामकुमार शर्मा के नेतृत्व में टेढ़ी बगिया, सीता नगर, गुलाब नगर आदि क्षेत्रों के दर्जनों लोग जीवनी मंडी स्थित जलकल कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पानी न मिलने पर महाप्रबंधक के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची महाप्रबंधक मंजू गुप्ता का भी उन्होंने घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्रों में पानी की पाइप लाइन होने के बावजूद पानी सप्लाई नहीं हो रहा है। इससे क्षेत्र के लोग काफी परेशान हो रहे हैं। टैंकरों से पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में एक-एक बाल्टी पानी के लिए उन्हें चक्कर काटने पड़ रहे हैं। महाप्रबंधक ने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
पार्षद के घर खाली बर्तन लेकर पहुंचे लोग
पानी की समस्या से आजिज आए यमुनापार, मोतीमहल के लोगों ने स्थानीय पार्षद हरीमोहन के घर का घेराव किया। काफी संख्या में क्षेत्रीय लोग खाली बर्तन लेकर उनके घर पहुंच गए। पार्षद के घर के सामने उन्होंने अपने बर्तन रखकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में काफी दिनों से जल संकट है। कई बार पार्षद से पानी की समस्या के समाधान की मांग की लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला। काफी देर तक उन्होंने हंगामा काटा। प्रदर्शन के दौरान पार्षद अपने घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में अन्य लोगों ने समझाबुझा कर लोगों का गुस्सा शांत किया।