अलीगढ़ (ब्यूरो)। अतरौली क्षेत्र के 88 गांवों के सूखे कंठ तर करने के लिए टीटीएसपी योजना के तहत पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 360.33 लाख खर्च हो गया लेकिन मात्र तीन गांवों में ही पंप चालू हो सके हैं। रालोद विधायक दल के नेता ठा. दलवीर सिंह ने योजना के नाम पर बसपा सरकार के शासनकाल में पूरी रकम घपला करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री ने जांच कराने के आदेश दिए हैं।रालोद विधायक दल के नेता ने मुख्यमंत्री को दिए पत्र में आरोप लगाए हैं कि टीटीएसपी योजना के तहत जल निगम ने अतरौली के 88 गांवों में पेयजल के लिए ओवरहैड टैंकों का निर्माण किया जाना था। इसके लिए 360.33 लाख रुपये दिए गए। इस कार्य का युवा रालोद के जिलाध्यक्ष ठा. राकेश सिंह, सुशील गुप्ता ने अपने पदाधिकारियों के साथ इन गांवों का दौरा कर योजना के तहत कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया। योजना के तहत 35 गांवों में ही कार्य शुरू किया गया। इनमें से 22 गांवों में पंपहाउस और बोरिंग का काम कराया गया है। 13 गांवों में बोरिंग कराकर काम छोड़ दिया है। इसके अलावा शेष 53 गांवों में कोई कार्य नहीं किया। छह गांवों में पंप चालू हैं। रालोद नेता ने अनुरोध किया है कि कार्यों की जांच प्रदेश में हो ताकि पिछली सरकार में हुए घोटाले का खुलासा हो सके। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नगर विकास के प्रमुख सचिव से जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।