अलीगढ़ (ब्यूरो)। पुलिस लाइन में तैनात एक पुलिसकर्मी से फोन पर किसी ने धौंस में मांग 5 लाख रुपये मांगे। मांग पूरी न होने पर उसे धमकी भी दी। पीड़ित ने इसकी जानकारी पुलिस अफसराें को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि प्रेमचंद्र की पुलिस लाइन में ‘एमटी’ विभाग में तैनाती है। पिछले दिनाें किसी ने उसे नंबर 9654... फोन से किया और 5 लाख रुपये की डिमांड की। जब उसने पैसे देने से इंकार कर दिया तो फोन करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे डाली। प्रेमचंद्र ने इस मामले की शिकायत पुलिस अफसराें से की। पुलिस अफसराें के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो पता चला कि यह नंबर दिल्ली के एक व्यक्ति का है। पुलिस ने किसी तरह से इस नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि इस नंबर से उसके दोस्त ने किसी को फोन किया था। पुलिस इस बात की जांच करने में जुटी है कि वह आखिर दोस्त कौन है और धमकी व पैसे की डिमांड क्यों की। पुलिस कॉल डिटेल और इस नंबर की आईडी निकलवा रही है। विवेचक ने संभावना जताई कि धमकी देने वाला पुलिसकर्मी का कोई परिचित ही होगा।
दवा कारोबारी से छीने 20 हजार रुपये
अलीगढ़। सिविल लाइन क्षेत्र के दोदपुर में शनिवार शाम को एक युवक दवा कारोबार से जुडे़ एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये छीन ले गया। पुलिस इस ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि जयगंज काला महल (सासनीगेट) निवासी मोहम्मद सलीम दवा कारोबार से जुडे़ हुए हैं। सलीम दवा के पैसाें की वसूली करने के लिए दोदपुर से लौट रहा था। इस दौरान वह एक दुकान पर रुककर खरीदारी करने लगा। तभी एक युवक पीछे से आया और उससे बैग छीन कर भाग निकला, बैग में 20 हजार रुपये थे। इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर सिविल लाइन ने बताया कि इस घटना के संबंध में अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने शुरू कर दी।