अलीगढ़। आगरा जोन के पुलिस महानिरीक्षक आशुतोष पांडे ने माना है कि पुलिस अपने असली काम से दूर होती जा रही है। यही वजह है कि अपराध और अपराधी बेलगाम हैं। मगर अब तय किया गया है कि पिछले दस साल के अपराध और अपराधियों पर फोकस रखकर काम किया जाएगा। निश्चित रूप से अपराध नियंत्रण में सफलता मिलेगी। 107/16 में पाबंदीकरण की प्रक्रिया में भी तेजी के निर्देश दिए गए हैं। साथ में कहा गया है कि अब पाबंदीकरण रिपोर्ट पर पुलिस संबंधित व्यक्ति का फोटो भी लगाएगी, ताकि लगेगा कि सिपाही ने गांव में जाकर पाबंदी करा कार्रवाई की है और असली व्यक्ति को पाबंद किया है।
यह बातें आईजी ने क्वार्सी थाने में मीडिया से बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि अपराधियों की जमानत प्रक्रिया भी जटिल की जाएगी। जमानत वही व्यक्ति लेगा, जो भविष्य में उसके लिए जवाबदेह होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन चेकिंग के दौरान अक्सर शिकायत मिलती है कि पुलिस और बाइक सवार में विवाद हुआ। मगर अब कहा गया है कि चेकिंग के दौरान सिपाही कागजात चेक नहीं करेंगे, बल्कि उसकी
तलाशी लेंगे। कहीं उसके पास कोई हथियार आदि तो नहीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि गश्त पर रहने वाली पुलिस को भी हर दिन लक्ष्य दिया जाना चाहिए, ताकि वह जिस क्षेत्र में गश्त पर है, उसमें अपराधियों पर भी ध्यान रखे। स्कूलों के खुलने व छुट्टी के समय पुलिस को उस इलाके में सक्रिय किया जाएगा, ताकि किसी तरह की वारदात और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे। इसके अलावा महिला व बाल उत्पीड़न पर आई नई व्यवस्था को भी उन्होंने सिपाही स्तर पर अवगत कराने के निर्देश दिए।