अलीगढ़। हरदुआगंज गोदाम से हजारों क्विंटल गेहूं चोरी के मामले में एफसीआई का ईडी ऑफिस हरकत में आ गया है। ईडी (एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर) सुधीर सिंह ने कहा है कि चोरी के मामले की जानकारी उनके ही एक कर्मचारी ने दी थी, जिसे गंभीरता से लिया गया और शेड नंबर 6 और शेड नंबर 11 को सील करा दिया गया था। अब एहतियात के तौर पर सभी गोदाम को सील करा दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इधर, उत्तर प्रदेश के एफसीआई महाप्रबंधक सुदीप सिंह ने डिपो प्रभारी देवीराम और कर्मचारी ओमवीर को निलंबित कर दिया है। मंगलवार को यहां के शेड नंबर-11 से 2800 और शेड नंबर-6 से 3200 बोरे गेहूं गायब होने की खबर से पूरे महकमे में खलबली मच गई थी।
सूत्रों के अनुसार यहां 15 बड़े और 4 छोटे शेड हैं। शेड नंबर-6 के इंचार्ज चोब सिंह और शेड नंबर 11 के इंचार्ज रमेश कुमार सिसौदिया, धर्मकांटा इंचार्ज प्रेमप्रकाश शर्मा और गेट धर्मवीर सिंह की ड्यूटी रहती है। यह सभी एजी-1 पद के मुलाजिम हैं। इन सभी मुलाजिमों की मदद से जांच पूरी की जाएगी। जांच होने के बाद ही आरोप तय होंगे और इसके बाद ही दोषी पाए जाने वालों पर विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
वर्तमान में यहां पर वर्ष 2012-13 के स्टॉक में चावल के 341370 कट्टे रखे हैं, जिसका कुल वजन 170652 क्विंटल हैं। इसी तरह से गेहूं के वर्ष 2012-13 के स्टॉक में 13066 कट्टे हैं जिसमें 6419 क्विंटल 36 किलो 413 ग्राम गेहूं भंडारित है। वर्ष 2013-14 में 271595 कट्टे गेहूं स्टॉक में हैं, जिसका वजन 135921 क्विंटल 65 किलो 265 ग्राम है।