अलीगढ़। काउंसिल फॉर दी इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) का 10वीं और 12वीं का रिजल्ट शुक्रवार को घोषित किया गया। आगरा रोड स्थित गगन पब्लिक स्कूल के छात्र निशांत वार्ष्णेय ने 95.25 प्रतिशत अंक हासिल कर 12वीं में जनपद का टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। सेकेंड और थर्ड टॉपर भी इसी स्कूल के हैं। 12वीं कामर्स स्ट्रीम में प्रथम तीन स्थान छात्राओं ने हासिल किए। वहीं, 89 प्रतिशत अंक हासिल कर गगन स्कूल का छात्र मयंक और एसजेडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल का कुणाल 10वीं के संयुक्त टॉपर बने हैं। रिजल्ट को लेकर छात्र-छात्राओं के साथ ही अभिभावकों में भी गजब का उत्साह देखा गया। शहर के दो प्रमुख स्कूलों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा।