अलीगढ़। बच्चों की छुट्टियां होने पर इन दिनों ज्यादातर महिलाएं घूमने गई हैं और घरों में ताले पड़े हैं। रविवार को चोरों ने आगरा रोड की आरकेपुरम कॉलोनी में ताला कारोबारी के बंद मकान से जेवरात-नकदी सहित लाखों रुपये का माल पार कर दिया। दोपहर में पड़ोसी ने जब चोरों को घर से निकलते देखा तो खबर ताला कारोबारी को दी।
सासनी गेट क्षेत्र की आगरा रोड स्थित आरकेपुरम कॉलोनी निवासी रूपेश वार्ष्णेय पुत्र जितेंद्र वार्ष्णेय का घर में ही साइकिल लॉक का कारखाना है। पिछले दिन उनकी पत्नी व बच्चे मायके बिल्सी, बदायूं गए हुए थे। रविवार सुबह आठ बजे रूपेश घर बंद कर बच्चों को लेने बिल्सी गए थे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनके पड़ोसी रिश्तेदार ने देखा कि रूपेश के घर से कुछ लोग दीवार फलांगकर निकल रहे हैं। इस पर उन्हें शक हुआ और तत्काल रूपेश के साथ-साथ पुलिस कंट्रोल रूम को भी जानकारी दे दी।
एसओ सासनी गेट के अनुसार, घर के मेन गेट से लेकर अंदर कमरों तक चार दरवाजे हैं। चोरों ने चारों दरवाजों के ताले तोड़ने के बाद अंदर उन्हीं दो कमरों के ताले तोड़े, जिनमें सेफ रखी थीं। इसके बाद चोर ताले तोड़कर माल चोरी किया है। हालांकि उनकी लाइसेंसी पिस्तौल बच गई। रूपेश के तहरीर के अनुसार चोर 1.20 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप के अलावा करीब 200 ग्राम वजनी सोने के जेवरात चुरा ले गए। इस खबर पर सीओ प्रथम ज्ञानेंद्र कुमार व फील्ड यूनिट भी पहुंची और जांच पड़ताल की। जांच में रूपेश ने बताया कि घर में पेंटिंग का काम चल रहा था और 15 दिन पहले ही काम बंद हुआ है। जिस तरह चोरी हुई है, उससे साफ है कि चोरों को सेफ वाले कमरों की जानकारी थी। पुलिस अब उन पेंट करने वालों की तलाश में जुट गई है।