अलीगढ़। गूलर रोड पोखर पर पैमाइश के बाद चिह्नित किए गए अतिक्रमणों के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। नगर निगम की गूलर रोड पोखर पर शहर के धन्नासेठों की 11 फैक्ट्रियां सहित 188 अतिक्रमण घोषित किए गए हैं। नगर निगम ने सभी को नोटिस जारी कर अल्टीमेटम दिया है कि एक पखवाड़े में खुद ही अतिक्रमण ध्वस्त कर लें अन्यथा नगर निगम के स्तर से कराए जाने वाले ध्वस्तीकरण पर आने वाले व्यय का भुगतान भी करना पड़ेगा।
नगर निगम की गूलर रोड पोखर 29 बीघा 16 विस्वा जमीन पर है। गूलर रोड पोखर पर अतिक्रमण का मसला उच्च न्यायालय में पहुंचा। उच्च न्यायालय के निर्देश पर पुलिस प्रशासन, तहसील व नगर निगम के अधिकारियों ने पोखर की जमीन की पैमाइश कराई। पैमाइश के बाद अतिक्रमणों को चिह्नित किया गया। नगर निगम की गूलर रोड पोखर की जमीन पर कुल 188 अतिक्रमण पाए गए हैं। इनमें 71 पर चारदीवारी तथा 106 में मकान बने हैं। 11 फैक्ट्रियां और दो डेयरी हैं। पोखर की जमीन पर जो फैक्ट्री हैं उनमें बेस्टल, आरएमआई, निशा गोयल, महेश अग्रवाल, पवन सिंघल की दो फैक्ट्री, प्रशांत एंटरप्राइजेज की एक फैक्ट्री, एक मकान, खाली प्लाट व बाउंड्रीवाल, विजय गोस्वामी, सिमसिम, बब्बू लाल की फैक्ट्रियां हैं। वहीं, गाटा संख्या 162 से 168, 223 से 225, 664 से 672, 654 से 657 तथा 169 व 221 पर अतिक्रमण हैं। जमीन को कब्जा मुक्त कराना एक चुनौती बना है।