अलीगढ़। शहर का नासूर बन चुके अवैध पशु कटान और चर्बी उबालने से पैदा हो रही दुर्गंध की गंध दिल्ली तक पहुंच गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख अजित सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। अजित सिंह ने संकेत दिए हैं कि वह इस मुद्दे पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह से चर्चा करेंगे। पूरे प्रकरण को अजित के पास बरौली के विधायक और नेता सदन ठा. दलवीर सिंह लेकर गए थे। अब जिस तरह कट्टी और चर्बी की बदबू का मामला अलीगढ़ की सीमा को लांघ कर लखनऊ और दिल्ली तक पहुंच रहा है उससे जनता को लग रहा है कि किसी न किसी रूप में समाधान जरूर मिलेगा। कट्टी और बदबू को लेकर अलीगढ़ में चल रहे जनआंदोलन की खबर दो दिन पहले ठा. दलवीर सिंह दिल्ली रवाना हुए थे। वहां पर उन्होंने रालोद प्रमुख अजित को पूरी स्थिति की जानकारी दी थी। ठा. दलवीर सिंह कहते हैं कि भाजपा के चेहरे को बेनकाब करने के लिए वह विधानसभा में भी इसे जोरदार तरीके से रखेंगे और सन 2000 में तत्कालीन निदेशक पशुपालन बाबा हरदेव सिंह की 70 पेजों की उस जांच रिपोर्ट को भी सदन में रखेंगे जिसमें छेरत कट्टीघर के बारे में प्रतिकूल रिपोर्ट दी थी। इसमें सरकार को हो रही भारी आर्थिक क्षति का और जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरों का विवरण था। दूसरी ओर इस रिपोर्ट के बाद उस समय कार्रवाई का शिकार हुए अधिकारी बाबा हरदेव सिंह भी उस समय के दस्तावेज जुटाने और उनके अध्ययन में जुट गए हैं। वह अपनी भेजी गई रिपोर्ट और उसके आधारों का पूरा विवरण इकट्ठा कर रहे हैं, जिससे रिपोर्ट के समर्थन में तथ्यों को प्रस्तुत किया जा सके।