अलीगढ़। अमर उजाला फाउंडेशन और समृद्ध जीवन फाउंडेशन के बैनर तले स्वैच्छिक रक्तदान और नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण मेले का आयोजन रविवार सुबह 9.30 बजे से मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में होगा। मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी राजीव रौतेला करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी शमीम अहमद विशिष्ट अतिथि होंगे। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए जहां सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक संगठन आगे आ रहे हैं वहीं छात्र-छात्राओं द्वारा विशेष रुचि दिखाई जा रही है। आपके द्वारा किया गया रक्तदान जिस व्यक्ति को जीवन देगा, उसके साथ ब्लड रिलेशन भी कायम कर सकता है।
अमर उजाला फाउंडेशन व समृद्ध जीवन फाउंडेशन के आह्वान पर कैंप का मकसद है रक्त के अभाव में होने वाली मौतों को नियंत्रित करना। आपके द्वारा किया गया रक्तदान जिंदगी व मौत से जूझते किसी व्यक्ति को जीवनदान दे सकता है। शिविर में रक्तदान करने वालों को बाद में आयोजित होने वाले समारोह में प्रशस्ति पत्र, डोनर कार्ड आदि देकर सम्मानित भी किया जाएगा।