अलीगढ़। तकरीबन एक महीने से चल रही नुमाइश की तैयारियों पर ठंडक ने असर डालना शुरू कर दिया है। कृषि और उद्योग कक्ष के साथ बिजली ठेकेदार ने यहां पर अपना काम चेक करना शुरू कर दिया है। लेकिन अभी तक कुछ जरूरी काम पूरे नहीं हो सके हैं जिसमें शुभारंभ के मौके पर बुलाए जाने वाले मुख्य अतिथि को लेकर पूरा जिला प्रशासन चिंतित है। चिंता इस बात की है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कबीना मंत्री शिवपाल सिंह यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव में से किसी ने भी अब तक अपने आने की मंजूरी नहीं दी है। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को बुलाने पर भी पूरा जोर है। अब किससे समय मिलता है यह भविष्य में तय होगा। यह नहीं नुमाइश इंतजामिया ने अब तक नए स्टेज का नाम भी नहीं फाइनल किया है। इस तरह से बारादरी पर पुरानी महात्मा गांधी की प्रतिमा को हटा कर नई प्रतिमा को स्थापित करने की भी अब तक कोई तारीख तय नहीं हुई है। नुमाइश के प्रभारी एडीएम सिटी डीएस सचान ने बताया कि जल्द ही इन सभी को फाइनल कर दिया जाएगा। एक दो दिन में सभी आयोजनों पर भी मुहर लगने की उम्मीद है।