अलीगढ़। हरियाणा की कोर्ट ने युवती के शव का पोस्टमार्टम करने वाले मलखान सिंह जिला अस्पताल के दो डाक्टरों के गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए है। दोनों डाक्टरों को 24 मार्च को नारनौल की एडीजे की अदालत में पेश होना है। डाक्टरों के गिरफ्तारी वारंट से चिकित्सा महकमे में भी हड़कंप है।
दिल्ली में नौकरी करने वाले अलीगढ़ के बन्नादेवी क्षेत्र की नलकूप कालोनी निवासी युवक ने टेलीफोन से हरियाणा की युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया था। युवती को पता चला कि युवक शादीशुदा है, तो उसने इसका विरोध किया। मामला बढ़ता देखकर युवक ने युवती की हत्या कर शव को घर में छिपा दिया। युवती के परिजनों ने हरियाणा के नारनौल में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मोबाइल कॉल के आधार पर युवक को पकड़कर शव को उसके घर से खुदवाकर बरामद किया था। युवती के शव का अलीगढ़ में ही पोस्टमार्टम हुआ था। इस मामले में युवक के खिलाफ बहला फुसलाकर युवती को भगाने, बलात्कार कर हत्या तथा शव छिपाने के आरोप में धारा 363, 366, 376, 302,120 बी के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। युवती के शव का पोस्टमार्टम टीबी अस्पताल के डा.रिजवान अहमद व जिला अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट डा.मनोज कुमार श्रीवास्तव ने किया था। पोस्टमार्टम करने वाले दोनों डाक्टरों को साक्ष्य के लिए नारनौल कोर्ट में आने के सम्मन जारी हुए। सम्मन जारी होने के बाद भी डाक्टर साक्ष्य देने नहीं पहुंचे तो एडीजे कोर्ट नारनौल ने दोनों के नाम गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। गिरफ्तारी वारंट में दोनों डाक्टरों को 24 मार्च को कोर्ट में पेश होने का आदेश है। रविवार को दोनों डाक्टर नारनौल कोर्ट में पेश होने के लिए अलीगढ़ से हरियाणा रवाना हो गए।