अलीगढ़। उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के अलीगढ़ आगमन का मिनट टू मिनट प्रोग्राम जारी हो गया है। 29 मार्च को एएमयू के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे उपराष्ट्रपति अपनी पत्नी सलमा अंसारी के साथ अलीगढ़ आएंगे। उपराष्ट्रपति के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए राजनीतिक दलों को 29 मार्च को बड़े आयोजन नहीं करने की सलाह दी गई है, क्योंकि फोर्स की व्यस्तता के कारण नेताओं की रैलियों और सभाओं में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात नहीं किया जा सकेगा। उपराष्ट्रपति के साथ उत्तराखंड के राज्यपाल अजीज कुरैशी भी आएंगे। राज्यपाल अजीज कुरैशी 28 मार्च को ही अलीगढ़ में आ जाएंगे और एएमयू के गेस्ट हाउस में ठहरेंगे। धनीपुर हवाई पट्टी से लेकर एएमयू कैंपस तक उपराष्ट्रपति के आने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एडीएम सिटी अवधेश तिवारी ने बुधवार दोपहर बाद धनीपुर हवाई पट्टी का दौरा कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। जिला प्रशासन ने इस दौरे को देखते हुए मजिस्ट्रेट और पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी है। काफिले में 14 एंबेसडर के साथ 5 इनोवा कारें शामिल होंगी। गुरुवार को इस संबंध में अधिकारियों की मीटिंग होगी।