खैर। टैटीगांव रोड स्थित गांव निसूजा में बीती रात चोरों का आतंक रहा। आधा दर्जन से अधिक चोरों ने तीन मकानों के ताले चटका लाखों का माला चुरा कर लेे गए। चौथे मकान का ताला तोड़ते समय ग्रामीणों में जगार हो गई। जिससे चोरों के पैर उखड़ गए नहीं तो और भी घटना हो सकती थी।
गांव निसूजा निवासी हरिराज पुत्र राजपाल सिंह निवासी अपने घेर में सोया था। घर पर एक कमरे में अन्य परिजन सो रहे थे। बुधवार की रात्रि दो बजे के लगभग कुछ चोर घर की दीवार कूदकर अंदर घुस गए। एक कमरे अलमारी आदि का ताला तोड़ 85 हजार की नकदी, दो लाख के सोने चांदी के आभूषण चुरा ले गए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही चंद्रपाल सिंह पुत्र रनवीर सिंह के मकान को निशाना बनाया। उसके मकान से चोर एक लाख की नकदी आभूषण चुरा लिए। इसके बाद चोर निकट स्थित वीरपाल सिंह पुत्र बाबू सिंह के मकान में घुसे तथा जिस कमरे में घर के सदस्य सो रहे थे उसकी कुंडी बंद कर दी। दूसरे कमरे से 6 हजार की नकदी और सोने चांदी के आभूषण चुरा ले गए। वहां से निकलने के बाद चोर जगवीर सिंह पुत्र चरन सिंह के मकान में घुसे तथा कमरे का ताला तोड़ने लगे। आवाज सुनकर परिजन जाग गए। उन्होंने शोर मचा दिया, जिस पर ग्रामीणों में जगार हो गई। जिससे चोरों के पैर उखड़ गए और वे भाग लिए। ग्रामीणों के अनुसार चोरों की संख्या आधा दर्जन से अधिक थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी गांव में पहुंच गई। चोरों की तलाश भी की, परंतु कोई नहीं मिला। पीड़ित गृह स्वामिओं ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।