अलीगढ़। अभी तक छात्रों की संख्या में हेराफेरी कर वजीफा हड़पने के कई मामले सामने आए हैं, जिन पर शासन और प्रशासन स्तर से कार्रवाई भी हुई है। लेकिन ताजा मामला एक टेक्निकल कॉलेज का है, जिसके स्थलीय सत्यापन में कॉलेज नाम की कोई चीज ही नहीं मिली है। प्रशासनिक अधिकारी भी इतने बड़े गोलमाल को देख कर चकित हैं।
दरअसल, राय शिक्षा समिति की ओर से संचालित आरजीएम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट मौजा नगलिया पला सल्लू पोस्ट कोरह रुस्तमपुर, कागजों में ही इंजीनियर बना रहा है। शुल्क प्रतिपूर्ति और वजीफा के नाम पर इस कॉलेज के प्रबंधन ने अब तक कितना रुपया डकारा? इसकी भी जानकारी नहीं है। यह बात भी तय है कि उच्च शिक्षा विभाग और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की साठगांठ के बिना ऐसा संभव नहीं है। जब इसकी शिकायत आला अधिकारियों से हुई तो स्थलीय जांच के आदेश दिए गए। एसडीएम पुलकित खरे, एसडीएम कुमार विनीत और एडीएम प्रशासन संजय चौहान की ओर से मौके पर कराई गई जांच के बाद यह खुलासा हुआ कि कॉलेज कागजोें पर चल रहा है। इस कॉलेज का पता मौजा नगलिया पला सल्लू पोस्ट कोरह रुस्तमपुर, बताया गया था जहां ऐसा कोई कॉलेज नहीं मिला। अब प्रशासनिक स्तर से इस मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है।
:::::::::::::::::::::