अलीगढ़। हजयात्रा पर जाने वाले जायरीन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा के दौरान थोड़ी सी सावधानी और कायदे-कानून किसी भी परेशानी से बचा सकते हैं। इस सबंध में हज कमेटी आफ इंडिया की गाइड लाइन भी जारी हो गई है। ट्रेनिंग कैंप में भी जानकारी दी जा चुकी है।
यह साथ ले जाएं हज यात्री
दो सेट अहराम, यानी चार अहराम (पहनने का सफेद कपड़ा) इनमें एक अहराम तौलिया वाला हो, चार जोड़ी कपड़े, दो तौलिया, दो लुंगी, दो चादर, स्प्रे वाली बोतल अपने साथ, पासपोर्ट और परमिट रखने के लिए पाकेट वाली बेल्ट (इसे अहराम के ऊपर बांधा जाता है)। पैसे, आईकार्ड, परमिट और मुअल्लिम का पता, फोन नंबर और नाम का कार्ड अवश्य रख लें। लगेज साफ सुथरा हो और उसके ऊपर नाम और पता होना चाहिए। बीमार हैं, तो डॉक्टर के पर्चे के साथ केवल जरूरत की दवा ही रखें।
ये न ले जाएं साथ में
कोई भी खुला सामान, तेल अचार और घी, नशीली दवा, गलत लिटरेचर, लोहे की चीज, मादक पदार्थ आदि चीजें।
कम से कम सामान ले जाने के हैं निर्देश
एक हज यात्री केवल 54 किलो वजन ही ले जा सकते है। इसमें दो सूटकेस 22-22 किलो वजन के, जो 22 इंच लंबा, 18 इंच ऊंचाई का और 10 इंच चौड़ाई वाला हो। एक हैंड बेग हो जिसमें केवल दस किलो तक वजन आ सके। जिला हज ट्रेनिंग संचालक हाजी अब्दुल समद ने बताया कि हज यात्री दिमागी तौर से यात्रा को तैयार रहे। पान, बीड़ी और गुटका की आदत छुड़ा लें। अरबी भाषा की थोड़ी बहुत जानकारी हासिल कर लें।