अलीगढ़। सितंबर, 2010 में विनय कटियार की हत्या के बाद से चर्चाओं में आए बाइकर्स गैंग की चुप्पी ऐसी टूटी है कि अब लगातार टकराव की ओर बढ़ रही है। मंगलवार दुपहर भी इस गैंग के दो गुट मैरिस रोड पर आमने-सामने आ गए। बहाना महज बाइक से साइकिल टकराने का बना। इस दौरान एक गुट ने फायर झोंका तो दूसरे ने मारपीट की। कुछ देर को मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। गनीमत, खबर पाकर सिविल लाइन पुलिस दौड़ी चली गई। पुलिस को देख बाइकर्स बाइकें छोड़ भाग छूटे। यहां से पुलिस चार बाइकें उठा ले गई। बाद में घटना में घायल एक युवक ने क्वारसी थाने में जाकर तहरीर दी है, जबकि दूसरा गुट तहरीर देने तक नहीं गया। लोग जानते हैं कि बाइकर्स गैंग दो गुटों में बंटा हुआ है। एक गुट में इन दिनों राइडर ग्रुप दूसरे गुट के निशाने पर है। इसी कड़ी में 11 तारीख को भी एक युवक को बंधक बनाकर पीटने की घटना हुई थी। मंगलवार दुपहर राइडर ग्रुप के सदस्य सेंटर प्वाइंट से मैरिस रोड की तरफ जा रहे थे, तभी दूसरे गुट से ताल्लुक रखने वाले कोचिंग ग्रुप से इसका आमना-सामना हो गया। यहां पहले बाइक साइकिल से टकराई और तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। आरोप है कि पहले कोचिंग ग्रुप की खबर पर तत्काल कुछ अन्य बाइकर्स वहां आ गए और राइडर ग्रुप पर तमंचे से फायर झोंक दिया। इस पर कुछ दुकानदार शोर मचाने लगे तो कोचिंग ग्रुप भागने लगा। राइडर ग्रुप ने कोचिंग ग्रुप के एक युवक को पकड़कर जमकर पीट दिया। खबर पर पुलिस पहुंची तो दोनों गुटों के लोग भाग गए। बाद में इस संबंध में शुभम उपाध्याय पुत्र आरके उपाध्याय निवासी सुरेंद्र नगर ने क्वारसी थाने में तहरीर दी है, जिसमें राइडर ग्रुप के दो सदस्यों पर बेवजह मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस झगड़े में शुभम के सिर में चोट आई है। शुभम के अनुसार, वह सीपीएमटी की कोचिंग कर लौट रहा था। तभी उसकी साइकिल टकराने पर उसे पीटा गया। एसओ के अनुसार तहरीर मिली है। झगड़े की मूल वजह जानी जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। रहा सवाल फायरिंग का तो ऐसी कोई जानकारी नहीं है।