इलाहाबाद। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं पूर्व गृह सचिव कुंवर फतेहबहादुर सिंह के निजी कार ड्राइवर राजेश कुमार के घर की छत पर शनिवार दोपहर धमाका हुआ। बम हमले की खबर पाकर दो थानों की फोर्स के साथ पुलिस अफसर पहुंच गए। मौके पर छानबीन में यह पता नहीं चल सका कि बम किसने फेंका था। खुद राजेश किसी से दुश्मनी के बारे में नहीं बता सका। ऐसे में पुलिस तो मान रही है कि ये बम हमला नहीं था बल्कि किसी ने पटाखा दागा था।
बसपा शासन में प्रमुख सचिव गृह रहे कुंवर फतेहबहादुर सिंह मौजूदा समय में इलाहाबाद स्थित राजस्व परिषद के सदस्य के पद पर तैनात हैं। चौफटका में रहने वाला राजेश कुमार उनका निजी कार ड्राइवर है। शनिवार दोपहर करीब दो बजे उसने 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन से खबर दी कि उसके मकान पर बम फेंका गया है। खबर मिलते ही सीओ कोतवाली और सीओ सिविल खुल्दाबाद तथा धूमनगंज थाने की पुलिस के साथ वहां पहुंच गए। राजेश के साथ पुलिस अफसरों ने छत पर जाकर देखा लेकिन वहां बम का कोई अवशेष नहीं था। राजेश ने कहा कि उसने छत पर धमाका सुना था। मगर किसी को बम फेंकते नहीं देखा। उसने यह भी कहा कि किसी से उसकी ऐसी दुश्मनी भी नहीं है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी बात की। फिर राजेश को खुल्दाबाद थाने ले जाया गया। आखिर में राजेश ने भी कहा कि उसे भी लगता है कि यह बम नहीं बल्कि पटाखा की आवाज थी। उसके मकान की छत दूसरे घरों से जुड़ी है। ऐसे में यह संभव है कि किसी ने पटाखा जलाकर उसकी छत पर फेंक दिया होगा।