रामबाग स्थित एक टेंट हाउस के गोदाम में मंगलवार दोपहर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया और इसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोपहर में करीब ढाई बजे शुरू हुआ आग बुझाने का कार्य रात आठ बजे तक भी पूरी तरह खत्म नहीं हो सका था। इस दौरान दमकल की 11 गाड़ियां और दर्जनों फायरब्रिगेड कर्मचारी आग पर मशक्कत पाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
रामबाग में बैरहना से रामबाग जाने वाली रोड पर लल्लू जी एंड संस का टेंट हाउस गोदाम है। बगल में ही निम्बार्क आश्रम स्थित है। गोदाम में भारी संख्या में चादर, तकिया, फोल्डिंग पलंग के साथ लकड़ी के सामान जैसे प्लाईवुड, बल्लियां आदि रखी जाती हैं। रोज की तरह यहां मंगलवार को भी कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। दोपहर में 1.30 बजे के करीब अचानक आश्रम के ठीक पीछे वाले गोदाम के हिस्से में रखे सामान में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने भयावह रूप धारण कर लिया और तेजी से गोदाम में रखे अन्य सामान चपेट में लेनी लगी। आग लगने की जानकारी हुई तो गोदाम में मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन इसमें नाकाम रहे। इस पर फायरब्रिगेड को सूचना दी गई। उधर देखते ही देखते गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं तो आसपास के लोगों को जानकारी हुई। इसके बाद तो मौके पर दहशत फैल गई। कुछ ही देर में गोदाम के बाहर सैकड़ों लोग जमा हो गए। इसके चलते यातायात भी बाधित हो गया। मौके पर पहुंची चौकी इंचार्ज बैरहना हरगोविंद ने किसी तरह लोगों को हटाया और तब जाकर यातायात बहाल हुआ। 2.20 मिनट पर सिविल लाइंस फायर स्टेशन से पहली फायरब्रिगेड मौके पर पहुंची और फायरकर्मी आग बुझाने में जुट गए। फिर एक के बाद एक दमकल की 11 गाड़ियां बुलाई गईं। इनमें दो गाड़ियां सेना की भी थीं। सूचना पर एएसपी सुकीर्ति माधव, सीएफओ इंदुशेखर मिश्रा भी पहुंचे। सीएफओ ने बताया कि रात बजे आठ बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। चूंकि गोदाम में बड़ी मात्रा में टीन शेड व अन्य सामान रखे हुए हैं, ऐसे में यह भी देखा जा रहा है कि किसी हिस्से में आग रह न गई हो।