आलापुर क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देश के बावजूद 18 घंटे बिजली मिलना तो दूर 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे धान की रोपाई भी बाधित हो रही है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के सख्त आदेश के बावजूद पावर कॉर्पोरेशन उपभोक्ताओं को समुचित विद्युत आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। आलापुर क्षेत्र के उपभोक्ता लगभग 20 दिन से बदतर विद्युत आपूर्ति की समस्या झेल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 18 घंटे विद्युत आपूर्ति का निर्देश है।
इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्र में 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। अघोषित कटौती से उपभोक्ता आजिज आ गए हैं। पता ही नहीं चलता कि कब रोस्टर के तहत कटौती हो रही है और कब अघोषित कटौती होती है। 30 से 40 मिनट यदि बिजली आई तो एक से दो घंटे की कटौती आमतौर पर तय है।
आपूर्ति बहाल होने के दौरान भी कई बार बाधित हो जाती है। वोल्टेज भी इतना नहीं रहता है कि किसान मोटर आदि का संचालन कर अपनी फसलों की सिंचाई कर सकें। बदहाल विद्युत व्यवस्था से उपभोक्ता आजिज आ चुके हैं। पावर कॉर्पोरेशन की इस लापरवाही से लगभग 50 हजार की आबादी प्रभावित हो रही है। उपभोक्ता मोहम्मद अजमल, रवींद्र यादव, वीरेंद्र तिवारी, लालजी सिंह आदि ने तहसील प्रशासन से विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग की है।