ग्राम रामगढ़ में कालिका देवी मंदिर में झंडा चढ़ाने को लेकर दो पक्षों में धारदार हथियार एवं ईंट पत्थर चले। इस घटना में एक पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से पांच घायलों को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से डॉक्टरों ने सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया । घटना के बाद मेले की दुकानें भी बंद हो गईं हैं।
शनिवार देर शाम रामगढ़ के कालिका देवी मंदिर में ग्राम हरचंदपुर के आस्थावान झंडे व ज्वारे चढ़ा रहे थे।इसी दौरान ग्राम माधौ सिंह के पुरवा के तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालु झंडा चढ़ाने के लिए पीछे से आये। हरचंदपुर के श्रद्धालुओं का आरोप है कि पहले झंडा चढ़ाने के लिए माधौ सिंह का पुरवा के लोग हरचंदपुर के श्रद्धालुओं से भिड़ गए। उन लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बचाव में दूसरे पक्ष द्वारा ईंट-पत्थरों से पथराव किया गया। बवाल की सूचना भर से मेले की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं।
हरचंदपुर चौकी इंचार्ज ओमकार नाथ मय फोर्स के पहुंच गए। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। घायलों नन्हें पुत्र रामरतन, पंकज पुत्र कमलेश चंद्र, दीपक पुत्र कमलेश चंद्र, विकास पुत्र कमलेश चंद्र, कमलेश चंद्र पुत्र लाल बहादुर निवासीगण हरचंदपुर को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां से सभी को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। थाना पुलिस ने मारपीट के संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा है।