आजमगढ़। मुबारकपुर कसबे में जनसभा के दौरान सुतली बम मिलने की सूचना से एकबारगी हड़कंप मच गया। अफरातफरी के बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच किया तो बम नकली निकला। समाचार लिखे जाने तक नकली बम के साथ लोग थाने में जमे थे। पुलिस ने इस घटना को सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए एक सोची समझी साजिश बताई है।
मुबारकपुर नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 दावेदार हैं।
इनमें से एक प्रत्याशी की तरफ से बुधवार की रात नगर क्षेत्र के बड़ी एजेंटी मुहल्ले में जनसभा का आयोजन किया गया था। इसमें लोगों की भीड़ जमा थी। रात सवा नौ बजे के करीब जनसभा चल ही रहा था, कि किसी ने वहां बम होने की बात कही, इसके बाद वहां हड़कंप मच गया। लोग भागने लगे। इसबीच सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मुबारकपुर अनिल समेत अन्य लोग वहां एकत्र हो गए। जमीन पर पड़े बम को पुलिस ने पानी भरी बाल्टी में डलवाई। इस दौरान वह डूबा नहीं। इस पर पुलिस को यकीन हो गया कि बम असली नहीं बल्कि नकली है। पुलिस ने बम की सुतलियों को खोला। अंदर से आई लव यू लिखा कागज निकला। इसे देख वहां मौजूद लोगों की जान में जान आई। पुलिस नकली सुतली बम को कब्जे में लेकर थाने गई। समाचार लिखे जाने तक भीड़ थाने में मौजूद थी। थानाध्यक्ष मुबारकपुर अनिल ने बताया कि वे प्रत्याशी का इंतजार कर रहे हैं। वैसे किसी ने घटिया मजाक करने की नियत से इस तरह का करतूत किया है। पुलिस इस षडयंत्रकारी का पता भी लगाएगी।