रानी की सराय। थाने के बेलइसा मंडी के पास स्थित एक गोदाम का ताला तोड़कर मंगलवार की रात चोर लगभग बीस लाख रुपये मूल्य का मोबिल चुरा ले गए। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकानदार ने थाने में तहरीर दी। महज तीन दिन पूर्व गोदाम में एक ट्रक मोबिल आया था।
बेलइसा मंडी के पास कोटवां गांव निवासी रामअचल पुत्र फूलचंद की मोबिल आयल का गोदाम है। रामअचल के मुताबिक तीन दिन पूर्व दिल्ली से एक ट्रक माल आया था। मंगलवार की शाम वह गोदाम बंद करके घर चले गए थे। रात में चोर गोदाम के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और लगभग बीस लाख रुपये मूल्य का मोबिल चुरा ले गए। बुधवार की सुबह आसपास के लोगों ने रामअचल को तालाटूटने की सूचना दी। रामअचल तुरंत गोदाम पहुंचे और चोरी गए सामानों का मिलान करने के बाद थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष रानी की सराय आरपी यादव ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। क्योंकि जहां गोदाम है उसके ठीक बगल में ढाबा चलता है।
ढाबे के लोग रात लगभग डेढ़ बजे तक वहां मौजूद रहे इसके बाद घर चले गए। इसके अलावा उनसे मंगाए गए माल की बिल्टी और जिस ट्रक से माल आया उसका नंबर मांगा गया है जो अभी तक उपलब्ध नहीं हुआ है। एसओ ने कहा कि बिल्टी और ट्रक नंबर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।