एप डाउनलोड करें
विज्ञापन

ठंड ने तोड़े सारे रिकार्ड

Baghpat Updated Thu, 03 Jan 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

बागपत/बड़ौत। सितमगर सर्दी ने बुधवार को सारे रिकार्ड तोड़ दिए। जनपद के इतिहास में पहली बार अधिकतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान ने तीन साल का रिकार्ड तोड़ दिया। पारा लुढ़क कर 1.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन

बुधवार सुबह को घना कोहरा रहा। विजिबिलिटी शून्य हो गई। दस मीटर दूरी की चीजें भी नजर नहीं आईं। शीत लहर की स्पीड 10 किलोमीटर प्रति घंटा रही। आद्रता 88 से 100 फीसदी रही। सुबह को कोहरे के साथ हलकी बूंदें गिर रहीं थी। कृषि विभाग की मौसम शाखा के मुताबिक बुधवार से पहले बागपत में जाड़ों का सबसे कम अधिकतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान भी 1.8 डिग्री रहा। इससे पहले 31 दिसंबर 2009 को 1.3 और एक जनवरी 2010 को 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। इसके बाद 2011 और 2012 में पारा दो डिग्री तक पहुंचा लेकिन बुधवार को यह इससे नीचे आ गया।
उधर बड़ौत में बुधवार सुबह से ही कोहरा व कड़ाके की ठंड ने जन जीवन अस्त-व्यस्त कर डाला। सड़के सुनसान पड़ी रही और लोग घरों में दुबके रहे। ठंड से सरकारी कार्यालयों में भी भीड़भाड़ कम देखने को मिली।
विज्ञापन




पिछले दस दिन का तापमान
दिन अ.ता. न्यू. ता.
02 जनवरी 13 07.1 डिग्री 1.8 डिग्री
01 जनवरी 13 12.0 डिग्री 3.0 डिग्री
31 दिसंबर 12 07.6 डिग्री 2.0 डिग्री
30 दिसंबर 12 15.6 डिग्री 4.3 डिग्री
29 दिसंबर 12 17.2 डिग्री 5.0 डिग्री
28 दिसंबर 12 15.6 डिग्री 2.0 डिग्री
27 दिसंबर 12 14.3 डिग्री 5.5 डिग्री
26 दिसंबर 12 10.5 डिग्री 2.1 डिग्री
25 दिसंबर 12 09.0 डिग्री 2.1 डिग्री
24 दिसंबर 12 09.5 डिग्री 2.2 डिग्री

वाटर लेवल से बिगड़ा मौसम : कालूराम चौहान
भूगोलविद् और एसपीसी डिग्री कालेज के प्राचार्य डाक्टर कालूराम चौहान का कहना था कि मौसम बदलाव का सबसे बड़ा कारण वाटर लेवल का नीचे जाना है। इससे ऊपरी सतह रेतीली हो रही है, जिससे वातावरण ठंडा होता जा रहा है। दूसरा कारण पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। जनपद में वन क्षेत्र कम हो गए हैं, जो हवाओं को रोकते थे। इससे सापेक्षित आर्द्रता भी घट गई है। ऐसे में गर्मी के मौसम में गर्मी अधिक होती है और सर्दियों में सर्दी अधिक होती है। आसपास के क्षेत्रों में बारिश बागपत की अपेक्षा अधिक हो रही है। इसलिए वहां तापमान इतना कम नहीं है। एक अन्य कारण यहां जनसंख्या का छितरापन होना है।



कपड़े से लेकर कोयले की कीमताें में लगी आग
बागपत। ठंड से बचना भी अब महंगा हो गया है। कपड़े से लेकर आग जलाने के लिए कोयले के रेटों में ठंड ने आग लगा दी है। लकड़ी और कोयले की कीमतों में वृद्धि ने लोगों के जलते अलाव भी ठंडे कर दिए हैं।
ठंड के कारण गरम कपड़ों से लेकर कोयले तक पर रेट बढ़ गए। शौकत मार्केट स्थित रेडीमेड गारमेंट विक्रेता सतीश ने बताया कि गरम कपड़ों पर इस साल लगभग पांच प्रतिशत तक रेट बढ़ गए हैं। बच्चों के कपड़े अधिक महंगे हुए हैं। कोट, स्वेटर की कीमतों में ही इजाफा हुआ है। लोगों के लिए अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास भी अब महंगाई की चपेट में आकर ठंडा हो गया है। पुराना कस्बा रोड पर स्थित लकड़ी की टाल वाले सोनू ने बताया कि पिछले माह तक तो लकड़ी का रेट 30 रुपये की पांच किलो था, लेकिन अब ठंड बढ़ने के बाद 35 रुपये हो गई है। अभी भट्टे चलने के बाद डिमांड और बढ़ेगी, जिससे नए आने वाले माल पर रेट बढ़ेंगे। यही हाल कोयले का हो गया है। ठंड के चलते लोग कोयले से अंगीठी जलाकर ठंड दूर करने का प्रयास कर रहे हैं, कुछ असर गैस पर बढ़ी किल्लत ने भी डाल दिया है। जिससे कोयले के रेटों में भी इजाफा हुआ है। बताया जाता है कि 25 से 30 रुपये प्रति किलो बिकने वाला कोयला अब 35 से 40 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।


ट्रेनें घंटों लेट
अग्रवाल मंडी टटीरी/खेकड़ा। दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली 51909 पैसेंजर का बागपत रोड स्टेशन पर पहुंचने का समय 6:32 बजे का है। यह ट्रेन अपने समय से दो घंटे देरी से यहां पहुंची। दिल्ली से शामली जाने वाली 72021 पैसेंजर का समय 9:09 बजे का है। यह भी समय से 45 मिनट देर से पहुंची। 54475 ट्रेन का समय 11:32बजे का है। यह ट्रेन एक घंटा देरी से यहां पर पहुंची। जबकि 51911 का निश्चित समय 2:07 बजे का है। यह ट्रेन डेढ घंटा देरी से यहां पर पहुंची। इसी तरह शामली से दिल्ली जाने वाली ट्रेन अपने समय से आधा से एक घंटे तक देरी से चली। इस संबंध में स्टेशन मास्टर रामकिशन का कहना है कि कोहरे के कारण ट्रेनें विलंब से चल रही है।
उधर खेकड़ा में ठंड में रेलवे द्वारा ट्रेनों में बोगियां न बढ़ने से यात्री मजबूरी में ट्रेन के गेट पर लटकर जाने को मजबूर हैं। दैनिक यात्री संघ के धर्मसिंह,तेजपाल सिंह नैन,सुभाष यादव,वेदपाल यादव,गजेंद्र कौशिक आदि ने रेलवे विभाग के अधिकारियों से सर्दी के मौसम में ट्रेनाें में यात्री हिताें को ध्यान में रखते हुए बोगियों की संख्या बढ़ाने की मांग की।

डीएम के आदेश को ठेंगा
बागपत/खेकड़ा। डीएम ने भले ही छह जनवरी तक के लिए स्कूलों की छुट्टी कर दी हो लेकिन इस आदेश को एक बार फिर ठेंगा दिखा दिया गया। बुधवार को शहर के आधा दर्जन स्कूल खुले। बेचारे बच्चे ठिठुरते ठिठुरते पढ़ने के लिए पहुंचे। जब इस नाफरमानी का पता एडीएम को लगा तो आग बबूला हो गए। उन्होंने बीएसए, डीआईओएस और तीनों एसडीएम को निर्देश जारी किए कि ऐसे स्कूलों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। इस पर शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने स्कूलों को फोन करके हिदायत दी कि या तो तुरंत छुट्टी कर दें या फिर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। काठा में तो शिक्षा विभाग की टीम स्कूलों में छापा मारने ही पहुंच गए। यहां खुले मिले स्कूलों को चेतावनी जारी की गई। डीएम ने यह आदेश 12 वीं तक के स्कूलों के लिए जारी किया था। उधर एसपीआरसी डिग्री कॉलेज में भी बुधवार को छह तक की छुट्टी कर दी गई। एडीएम सुरेन्द्र राम ने बताया कि आज भी यह देखा जाएगा कि कोई स्कूल आदेश का उल्लंघन तो नहीं कर रहा है। उधर खेकड़ा में भी मोहल्ला औरंगाबाद स्थित एक विद्यालय बुधवार को भी खुला रहा।


ठंड से व्यापारी नेता और कलाकार का निधन
अमीनगर सराय। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से अमीनगर सराय में सुबह ही एक बुजुर्ग कलाकार, लेखक की मौत हो गई, जबकि अग्रवाल मंडी टटीरी में बुजुर्ग व्यापारी नेता का निधन हो गया। अमीनगर सराय के 80 वर्षीय मोतीलाल जैन का सुबह साढ़े सात बजे उनके निवास पर ही निधन हो गया। बताया जाता है कि ठंड अधिक होने के चलते कुछ दिनों से बीमार भी चल रहे थे। मोतीलाल जैन रामलीला के कलाकार, लेखक एवं शायर भी थे।
अग्रवाल मंडी टटीरी में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष, व्यापारी एवं भाजपा नेता आत्माराम गोयल का सुबह तड़के हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। उनके निधन से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा नेता देवेंद्र मित्तल, व्यापारी नेता मनोज सिंघल, गजराज शर्मा, माधोराम गर्ग, अजय अग्रवाल, प्रमोद गुप्ता, अंकुर शर्मा, अशोक सिंघल ने शोक व्यक्त किया।
विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें