बागपत। गैस एजेंसियां अब कोई मनमानी नहीं कर पाएंगी। कंपनी से गैस कनेक्शन के रेट लेकर गैस एजेंसी के बाहर बोर्ड पर लिखवाए जाएंगे। गैस के भी रेट प्रत्येक दिन लिखवाए जाएंगे। अवैध वसूली की शिकायत पर डीएम ने यह आदेश जारी किए हैं।
नए गैस कनेक्शन के रेट की लिस्ट अब गैस एजेंसियों को बोर्ड लगाकर सार्वजनिक करनी होगी। बोर्ड पर कनेक्शन में कागजों, रेगुलेटर, पाइप, गैस चूल्हा, सिलेंडर समेत सभी वस्तुओं का अलग-अलग रेट लिखना होगा और कौन सी वस्तु लेना अनिवार्य है और कौन सी ऐच्छिक है यह भी स्पष्ट करना होगा, जिससे उपभोक्ता पर कनेक्शन के साथ अन्य उत्पादों को लेने के लिए दबाव न बनाया जाए। इससे उपभोक्ताओं में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। यह आदेश जिलाधिकारी ने लोगों की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी को जारी किए।
गैस कनेक्शन के नाम पर गैस एजेंसियों पर मनमानी धनराशि वसूल किए जाने के आरोप लगते चले आ रहे हैं। जनपद की 16 गैस एजेंसियों में से किसी ने भी अपनी एजेंसी के बाहर कोई रेटलिस्ट नहीं लगा रखी है। जिसकी शिकायत जिलाधिकारी से की गई। शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह गुर्जर ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की। जिस पर जिलाधिकारी हर्ष तन्खा ने जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रभा को सभी गैस एजेंसियों पर बोर्ड लगाकर प्रत्येक के रेट सार्वजनिक करने के आदेश जारी किए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रभा ने बताया कि सभी कंपनियों ने रेट लिए जाएंगे और कौन सी वस्तु कनेक्शन के साथ अनिवार्य है यह जानकारी की जाएगी। उसके बाद जनपद के सभी गैस एजेंसी के संचालकों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए जाएंगे।