बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग पर गुफा मंदिर के पास देर रात बारात से लौट रही एक क्वालिस कार ईंट से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। क्वालिस में सवार एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्हें बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार की सुबह कोतवाली बड़ौत के पास कुरैशिया मोहल्ले से शहजाद पुत्र निशार की बारात पुराना कस्बा बागपत कई थी। जब बारात रविवार की देर रात वापस लौट रही थी तो बारातियों की क्वालिस ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्राली से गुफा मंदिर के पास टकरा गई जिससे क्वालिस कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग नसीम, वाहिद, पप्पू, वसीम, सीनू, निशार निवासी बड़ौत व ब्रहमपाल, हुकम, जितेंद्र निवासी मलकपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से कई लोगों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। इस घटना की सूचना पर दूल्हे के परिजनों में हड़कंप मच गया और वे काफी संख्या में निजी अस्पताल व सीएचसी पहुंचे। देर रात तक अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा थी।