बागपत/अमीनगर सराय। जिस प्रेमी के प्यार में पागल युवती ने चार दिन पूर्व बड़ौत नहर में छलांग लगा ली थी। उसी युवती ने बुधवार को अपने प्रेमी पर बलात्कार का आरोप लगा दिया। उसने पुलिस से युवक की शिकायत की।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र की एक युवती का बड़ौत के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। 14 मार्च को वह अपने प्रेमी के संग फरार हो गई थी। परिजनों ने थाना पर गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
16 मार्च को युवती का प्रेमी उसे बड़ौत नहर के किनारे छोड़कर चला गया था। प्यार में धोखे का अहसास होने पर युवती ने बड़ौत नहर में छलांग लगा ली थी। लेकिन लोगों ने उसे नहर से निकाल लिया था। उसके बाद भी वह अपने प्रेमी के साथ रहने की जिंद पर अड़ी हुई थी।
बुधवार को इस मामले में नया मोड़ आ गया। युवती ने युवक पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने सीएचसी पर उसका मेडिकल कराया और कोर्ट में उसके बयान कराए। इस दौरान युवती ने बताया कि युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया था। बाद में उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसने पुलिस से युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
सिंघावली अहीर एसओ जितेंद्र यादव का कहना है कि युवती ने कोर्ट में लड़के के खिलाफ बयान दिए है। युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।