बागपत। आधा दर्जन सपा नेताओं पर आरोप है कि इन्होंने सीएचसी पर एक घायल की मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट तैयार कराने के लिए डॉक्टर को धमकाया। डॉक्टर ने तुरंत ही फोन करके पुलिस बुला ली। पुलिस के सामने भी सपाइयों ने डॉक्टर के साथ धक्का मुक्की की। सीएमओ के हस्तक्षेप पर दूसरे डाक्टर ने आकर मेडिकल परीक्षण किया। इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई।
घटनाक्रम 27 मार्च शाम का है। बसी गांव का अश्वनी घायल हो गया था। उसे लेकर सपा नेता सीएचसी बागपत पहुंचे। इमरजेंसी में डॉक्टर यतीश मौजूद थे। डाक्टर का कहना है कि सपा नेताओं ने उनसे अश्वनी का मेडिकल परीक्षण कर उसकी रिपोर्ट देने को कहा। इस पर उन्होंने मेडिकल के लिए पुलिस की रिपोर्ट को मांग लिया इस पर सपा नेता भड़क गए। उन्होंने डॉक्टर को ट्रांसफर कराने की धमकी दे दी। आरोप है कि उन्होंने अपशब्द भी प्रयोग किए।
मौके की नजाकत देख डॉक्टर ने एसपी राजू बाबू सिंह को फोन कर दिया। कोतवाली पास में ही है, इसलिए पुलिस तुरंत ही पहुंच गई, लेकिन सपा नेताओं ने पुलिस पुलिस के सामने ही डाक्टर से धक्का मुक्की की। डाक्टर ने इसकी सूचना सीएमओ डाक्टर जे पी शर्मा को दी। इसके बाद डॉक्टर यतीश वहां से चले गए। उनकी जगह डॉक्टर अशोक लाटियान पहुंचे। उन्होंने अश्वनी का मेडिकल परीक्षण किया। उस समय वहां सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर भी पहुंच गए थे। मेडिकल के बाद मामला शांत हो गया।
गलती डॉक्टर की थी - सपा जिलाध्यक्ष
सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर का कहना है कि इस मामले में गलती डॉक्टर की थी। वह घायल का उपचार नहीं कर रहा था। इसलिए सपाइयों ने हंगामा किया।
मामला कहासुनी का था - सीएमओ
सीएमओ डॉक्टर जे पी शर्मा का कहना है कि मामला धमकाने या धक्का मुक्की करने का नहीं है। डॉक्टर के साथ कहासुनी हुई थी। इसके बाद मामला शांत हो गया।