बागपत। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण के बाद अब जनपद में एक और प्राधिकरण के गठन की तैयारी की जा रही है। दोघट और टीकरी को मिलाकर प्राधिकरण गठन के लिए शासन से प्रस्ताव मांगा गया है। नगर पंचायतों से इसके लिए रिपोर्ट ली जा रही है।
जनपद में शीघ्र ही एक और विकास प्राधिकरण अस्तित्व में आने जा रहा है। दोघट और टीकरी को मिलाकर नया प्राधिकरण का गठन किया जाएगा। हालांकि बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण के गठन के पांच साल में एक भी योजना धरातल पर उतर नहीं पाई है, प्राधिकरण के पास न तो स्टाफ है और न ही योजनाओं को क्रियान्वित कराने के लिए अधिकारियों के पास ही समय है। पूरे जनपद का एक ही प्राधिकरण होने एवं स्टाफ की कमी के चलते बागपत में दूसरे प्राधिकरण के स्थापना के लिए शासन द्वारा प्रस्ताव मांगा गया है। एक प्राधिकरण पूरे जनपद में न तो विकास कार्य के प्रस्ताव तैयार कर पा रहा है और न ही निगरानी रख पा रहा है। शासन ने प्रशासनिक अधिकारियों से एक सप्ताह में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोघट और टीकरी को मिलाकर गठित किए जा रहे प्राधिकरण के लिए प्रशासनिक अधिकारी प्रस्ताव तैयार करने में जुट गए हैं, इसके साथ ही दोघट एवं टीकरी नगर पंचायतों के चेयरमैन तथा अधिशासी अधिकारी से भी रिपोर्ट मांगी जा रही है। उल्लेखनीय है कि इसरो ने पूरे जनपद का सेटेलाइट से निरीक्षण कर नक्शा बनाया था। माना जा है कि नक्शे में दोघट और टीकरी को जिला मुख्यालय से काफी दूर पाकर उसके अलग से विकास की जरूरत शासन ने महसूस की है और जिला प्रशासन से अलग विकास प्राधिकरण का प्रस्ताव मांगा है।
अपर जिलाधिकारी सुरेंद्र राम ने बताया कि शासन से दोघट एवं टीकरी के प्राधिकरण के गठन के लिए प्रस्ताव मांगा गया है। इसके लिए दोनों नगर पंचायतों के अध्यक्ष एवं ईओ से रिपोर्ट मांगी गई है। शीघ्र ही रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।